चित्रा टाकिज के सामने रखे खोखे हटाने पहुंचे अधिकारी, सुप्रीम कोर्ट का आदेश देख वापस लोटे

Summary :

रिद्वार रेलवे रोड़ स्थित चित्रा टाकिज के समाने नाले के ऊपर रखे खोखों को हटाने पहुंचे अधिकारियों को खोखे धारकों द्वारा सुप्रीम कोर्ट का आदेश जब दिखाया गया तो आदेश देखकर अधिकारियों को बैरंग लोटना पड़ा।

देहरादून/हरिद्वार, संजय (पंजाब केसरी): हरिद्वार रेलवे रोड़ स्थित चित्रा टाकिज के समाने नाले के ऊपर रखे खोखों को हटाने पहुंचे अधिकारियों को खोखे धारकों द्वारा सुप्रीम कोर्ट का आदेश जब दिखाया गया तो आदेश देखकर अधिकारियों को बैरंग लोटना पड़ा। वहीं मौके पर नगर आयुक्त को भी बुलाया गया और मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त हवा में बातें करने लगे और निगम प्रशासन की लापरवाही सामने आता देख अन्य अधिकारीगण समझ गए और वहां से अपनी टीम को साथ लेकर आगे चले गए। साथ ही अपनी लापरवाही मानकर तीन दिन में विकल्प देने का आश्वासन देकर मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट ने भी पल्ला झाड़ा। बताते चलें कि बिना सूचना के अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम को देखकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और व्यापारियों में नोकझोंक हो गई। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। व्यापारियों के विरोध के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम के तेवर कम होते दिखे। जिसके बाद अतिक्रमण पर खानापूर्ति कर दी गई।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देशों पर सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेलवे रोड से अपर रोड, हरकी पैड़ी तक सड़क और नालों पर पसरे अतिक्रमण को हटाया। अचानक पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई देख अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों ने सभी व्यापार मंडल की इकाइयों के अध्यक्षों को फोन किया। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता अतिक्रमण पर कार्रवाई का विरोध करने लगे। अपर रोड और चित्रा टाकीज के सामने व्यापारियों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक हो गई। अधिकारियों ने हरकी पैड़ी पर पहुंच कर अतिक्रमण पर कार्रवाई समाप्त कर दी। शहर अध्यक्ष राजीव पराशर व महामंत्री अमन शर्मा का कहना है कि व्यापारियों को बिना सूचना दिए प्रशासन कार्रवाई करने पहुंच गया। इस कारण व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया है। प्रशासन को पूर्व में सूचना उपलब्ध करानी चाहिए थी।
अपर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकांश व्यापारियों ने टीम को देख कर अपना अतिक्रमण हटा लिया था। कार्रवाई के दौरान सड़क और नालों पर पसरा अतिक्रमण हटाया गया है। कुछ सामान भी जब्त किया गया है।
– अवधेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट
बैरागी कैंप से हटाया जाएगा अतिक्रमण
यूपी सिंचाई विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा। प्रेस को जारी बयान में एसडीओ शिवकुमार कौशिक ने बताया कि बैरागी कैम्प और शहर में गंगा किनारे जिन लोगों ने सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। जमीन पर कब्जा कर किए गए अवैध निर्माण को हटाया जाएगा। सिंचाई विभाग के अभियंता राजकुमार सागर ने बताया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कब्जे हटाने के लिए मंगलवार से अभियान चलाया जाएगा।
सामान जब्त करने का विरोध
अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान मनसा देवी पैदल मार्ग पर सामान जब्त करने का विरोध महामंत्री अमन शर्मा करने लगे। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट और महामंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बावजूद इसके सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर अतिक्रमण का सामान जब्त कर लिया।
–

Desk Team