गोवर्धन पूजा के मौके पर CM भूपेश ने निभाई सांटा प्रहार परंपरा, हाथ पर खाने पड़े कोड़े

Summary :

मुख्यमंत्री द्वारा ट्विटर पे सांझा किए वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम भूपेश को एक शख्स कोड़े मारते हुए नजर आ रहा है।

देशभर में दिवाली के अगले दिन यानि आज गोवर्धन पूजा का त्यौहार मनाया जा रहा है। पूरे देश में इस त्यौहार का बहुत महत्व है, लोग इस त्यौहार को अलग-अलग तरह से अपनी परंपराओं के मुताबिक मनाते हैं। ऐसी ही एक परंपरा छत्तीसगढ़ में भी है, जिसे राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पालन किया और परंपरा का एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर सांझा किया। 
दरअसल, मुख्यमंत्री द्वारा ट्विटर पे सांझा किए वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम भूपेश को एक शख्स कोड़े मारते हुए नजर आ रहा है। भूपेश बघेल ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘हमेशा की तरह इस बार भी आज दुर्ग जिले के ग्राम जजंगिरी, कुम्हारी पहुंचकर सबकी मंगलकामना के लिए सांटा का प्रहार झेलने की परंपरा निभाई। यह सुंदर परंपरा सबकी खुशहाली के लिए मनाई जाती है।’ 

बता दें कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर सबकी मंगलकामना के लिए दुर्ग जिले के ग्राम जजंगिरी, कुम्हारी में सांटा का प्रहार झेलने की परंपरा निभाई जाती है, जिसे सीएम भूपेश बघेल ने संपन्न कर लिया है। हर साल कि तरह इस साल भी इस परंपरा में कोई बदलाव नहीं था। लेकिन हर साल इस परंपरा में गांव के बुजुर्ग भरोसा ठाकुर कोड़ों से यह प्रहार करते थे, इस बार उनके निधन के कारण यह परंपरा उनके बेटे बीरेंद्र ठाकुर ने निभाई। 

Desk Team