भारी बारिश के बाद हाईवे बंद होने से जगह-जगह फंसे यात्री, दिल्ली, यूपी की ट्रेनें रद्द

Summary :

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने आफत मचा रखी है। बता दें उत्तराखंड में भी बारिश मुसीबत बनती जा रही है। भारी बरसात के बाद हाईवे बंद होने के बाद अब ट्रेन भी प्रभावित हुआ है। यूपी, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, एमपी सहित देश के अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने आफत मचा रखी है। बता दें उत्तराखंड में भी बारिश मुसीबत बनती जा रही है। भारी बरसात के बाद हाईवे बंद होने के बाद अब ट्रेन भी प्रभावित हुआ है। यूपी, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, एमपी सहित देश के अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। रेलवे ट्रैक पर मलबा आने से कई ट्रेनों को रद्द किया गया है तो कुछ ट्रेनों को रूट बदला गया है।  
आपको बता दें हरिद्वार-देहरादून रेल ट्रैक बुधवार को भीमगोड़ा काली मंदिर टनल के पास एक बार फिर मलबा आने से साढ़े पांच घंटे बाधित रहा। इससे 24 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इनमें छह ट्रेनों को निरस्त किया गया, जबकि आठ ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ। पांच ट्रेन को अल्प अवधि में समाप्त किया गया और चार ट्रेनों का संचालन अन्य स्टेशनों से किया गया।
 आनंद विहार से देहरादून आने वाली ट्रेन हरिद्वार में ही खत्म 
प्रयागराज से योगनगरी ऋषिकेश आने वाली ट्रेन को नजीबाबाद में ही खत्म कर दिया गया। देहरादून से सूबेदारगंज जानी वाली ट्रेन को कांसरो में, योगनगरी ऋषिकेश से पुरी जाने वाली ट्रेन को मोतीचूर स्टेशन पर समाप्त किया गया। हावड़ा से देहरादून आने वाली ट्रेन को मुरादाबाद और आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन से देहरादून आने वाली ट्रेन को हरिद्वार में ही खत्म किया गया।
देहरादून से नई दिल्ली और देहरादून से बनारस के बीच चलने वाली ट्रेन तीन घंटे और योगनगरी से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन पांच घंटे देरी से चली। देहरादून से कोटा, देहरादून से काठगोदाम और योगनगरी ऋषिकेश से हावड़ा दो घंटे देरी से चली। ऋषिकेश से कटरा की ट्रेन आठ घंटे देरी से चली। ऋषिकेश से बाडमेर ट्रेन चार घंटे देरी से चली।
 दिल्ली से आने वाली नंदादेवी एक्सप्रेस सवा घंटे देरी से पहुंची
बुधवार को दून से दिल्ली जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। यह ट्रेन रात 920 मिनट पर दिल्ली को रवाना होती है, शाम चार बजे ट्रेन के रद होने का मैसेज आया। अमृतसर से आने वाली लाहौरी एक्सप्रेस पहले से ही रद चल रही है। जबकि जनशताब्दी हरिद्वार तक आई। देहरादून से शताब्दी, जनता एक्सप्रेस तीन-तीन घंटे और नंदादेवी और काठगोदाम एक्सप्रेस दो-दो घंटे देरी से रवाना हुई। दिल्ली से आने वाली नंदादेवी एक्सप्रेस सवा घंटे देरी से पहुंची।

Desk Team