हल्द्वानी : नगर में बढ़ते गर्मी के प्रकोप के बीच अब पेयजल संकट भी विकराल रूप धारण करने लगा है। जिसके चलते अब पीने के पानी त्राही-त्राही मची हुई है। इससे आक्रोशित लोग आये दिन संबंधित विभाग में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस क्रम में शुक्रवार को तल्ली हल्द्वानी वार्ड-58 के डी क्लास खन्ना फार्म क्षेत्र में पेयजल संकट से गुस्साये लोग सडक़ पर उतर आये।
इस दौरान उन्होंने जल संस्थान के अफसरों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए बाल्टी-डिब्बों के साथ प्रदर्शन भी किया। वार्ड पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में तमाम वार्डवासियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्षद जोशी ने बताया कि डी क्लास खन्ना फार्म क्षेत्र में पिछले लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इस संबंध में संबंधित अवर अभियंता को अवगत कराया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। पार्षद मनोज ने बताया कि इलाके के तमाम घरों में पेयजलापूर्ति ठप पड़ी है।
उनका कहना था कि इस संंबंध में जल संस्थान के अफसरों ने टैंकर से आपूर्ति का भरोसा दिलाया है लेकिन टैंकर व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेताया कि यदि जल्द पेयजलापूर्ति दुरुस्त नहीं हुई तो लोग जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करने को विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में भावना राणा, बीना खुराना, हंसी देवी, प्रभा पनेरू, भारती नेगी, खष्टी भट्ट, ज्योति राना, जगदीश खुराना, कल्पना जोशी, हरि दत्त पांडे, विजय फत्र्याल, हिमांशु फत्र्याल आदि शामिल थे।


Download Android App
Download iOS App



