कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अन्य राज्यों में महाराष्ट्र से कोविड-19 फैलने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी के विरोध में राज्यभर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी ने उक्त बयान देकर “राज्य का अपमान” किया है। यहां ‘मंत्रालय’ के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने महाराष्ट्र को कोविड-19 फैलाने वाला राज्य कहा।
कांग्रेस ने PM मोदी के ब्यान को बताया ‘राज्य का अपमान’
पटोले ने कहा, “महाराष्ट्र ने (महामारी के दौरान) लोगों की हर तरह से मदद की और मोदी को राज्य का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है। महाराष्ट्र के लोग छत्रपति शिवाजी के राज्य का अपमान सहन नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा कि राज्य के हर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालयों के सामने कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। पटोले ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के लोगों से माफी नहीं मांगते, तब तक उनकी पार्टी विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।
पटोले ने फडणवीस से मांगा स्पष्टीकरण
पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह मोदी से बयान से सहमत हैं या नहीं, ‘‘अन्यथा उन्हें महाराष्ट्र द्रोही करार दिया जाएगा क्योंकि यह टिप्पणी महाराष्ट्र का अपमान है। इसलिए इस मुद्दे पर भाजपा की महाराष्ट्र इकाई को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।”


Download Android App
Download iOS App



