MP : कोरोना खौफ के चलते इंदौर में पुलिसकर्मियों ने मुंडवाया सिर

Summary :

चंदन नगर पुलिस थाने के प्रभारी योगेश तोमर का कहना है कि “हमारे थाने के एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों ने अपना सिर मुंडवा लिया है।

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस (कोविड-19) से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर इंदौर में पुलिसकर्मी अपने सिर मुंडवा रहे है। उनके द्वारा उठाए गए इस कदम को कोरोना से बचाव का जरिया माना जा रहा है। पुलिसकर्मियों का मानना है कि वह बालों के जरिए भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकते हैं।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी बने लोगों ने बताया कि चंदन नगर और शहर के कुछ अन्य स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने सिर मुंडवाए हैं। वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर चंदन नगर पुलिस थाने के प्रभारी योगेश तोमर का कहना है कि “हमारे थाने के एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षकों ने अपना सिर मुंडवा लिया है। 
उन्होंने यह कदम कोरोना वायरस से बचाव की सावधानी के तौर पर उठाया है क्योंकि उन्हें लगता है कि वे बालों के जरिये भी संक्रमित हो सकते हैं।” तोमर ने कहा, “कोरोना वायरस से संक्रमित इलाकों में ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी अपने हाथों पर सेनेटाइजर का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। 

CM शिवराज का ऐलान, देश के अन्य राज्य में फंसे MP के मजदूरों के खातों में भेजेंगे 1000 रुपए

मुंडन कराने वाले पुलिसकर्मियों का मानना है कि चूंकि अब उनके सिर पर बाल नहीं हैं, तो वे इस महामारी से बचाव की अतिरिक्त सावधानी के तौर पर अपने सिर पर भी सेनेटाइजर लगा सकते हैं।” सिर मुंडवाने वाले एक युवा पुलिस आरक्षक ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि वह शहर में लगातार कर्फ्यू की ड्यूटी कर रहा है और उसने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के उपाय के तहत मुंडन कराया है। 
आरक्षक ने कहा, “वैसे भी मौसम गर्मी का है। मुंडन कराने के बाद मुझे ड्यूटी के दौरान गर्मी से भी राहत मिल रही है।” बता दें कि इंदौर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस 117 नए मामले सामने आए। जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार सुबह बढ़कर 544 पर पहुंच गयी। हालांकि, शहर में इन मरीजों की मृत्यु दर में गिरावट दर्ज की गयी है। लेकिन यह दर राष्ट्रीय औसत से अब भी कहीं ज्यादा बनी हुई है जिससे चिकित्सक समुदाय की चिंताएं बरकरार हैं। 

Desk Team