मिजोरम के राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने इस्तीफा दे दिया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राजशेखरन के भाजपा के टिकट पर तिरुवनंतपुरम से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। राष्ट्रपति भवन की तरफ से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने राजशेखरन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
बयान में कहा गया है, ”राष्ट्रपति ने असम के राज्यपाल जगदीश मुखी को मिजोरम के राज्यपाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप दी है।” राजशेखरन केरल भाजपा के अध्यक्ष थे, जब उन्हें बीते साल मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। राजशेखरन ने शुक्रवार को कहा, ”मैंने पार्टी की मर्जी के मुताबिक पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी चाहती है कि मैं केरल में रहूं। मेरी भी केरल में रहने की इच्छा है और इस वजह से मैंने पद छोड़ दिया।”
राज्य भाजपा अध्यक्ष पी.एस.श्रीधनरन पिल्लई ने कहा, ”यह भाजपा व संघ परिवार के लिए खुशी की खबर है।” साल 2016 में राजशेखरन ने तिरुवनंतपुरम जिले के वटियाकरावु विधानसभा क्षेत्र से मुकाबले में तीसरे स्थान पर रहे थे। इस मुकाबले में कांग्रेस ने जीत हासिल की व माकपा दूसरे स्थान पर रही थी।


Download Android App
Download iOS App



