प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे बेलूर मठ, रामकृष्ण मिशन मुख्यालय में ही गुजारेंगे रात

Summary :

मोदी कोलकाता से नदी के रास्ते बेलूर पहुंचे और वहां उनका स्वागत वरिष्ठ संतों ने किया।

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार देर शाम रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ पहुंचे और रात में वहीं रुकेंगे। उम्मीद है कि मोदी रविवार को स्वामी विवेकानंद मंदिर में ध्यान करेंगे। रविवार को विवेकानंद की जयंती भी है। मोदी शहर के दो दिवसीय दौरे पर हैं और उनका पहले यहां स्थित राजभवन में रुकने का कार्यक्रम था। 
हुगली नदी के पार पड़ोसी हावड़ा जिले में स्थित बेलूर मठ पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने रामकृष्ण मिशन प्रमुख स्वामी स्मरणानंद से मुलाकात की। मोदी कोलकाता से नदी के रास्ते बेलूर पहुंचे और वहां उनका स्वागत वरिष्ठ संतों ने किया। मोदी रविवार को स्वामीजी के मंदिर में ध्यान कर सकते हैं और मठ परिसर में सुबह की प्रार्थना में शामिल हो सकते हैं। 

Desk Team