पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में स्थित बगलामुखी मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने पंजाब की सुख समृद्धि और भलाई के लिए हवन भी किया। मंदिर के पुजारी आचार्य दिनेश ने बताया कि चन्नी ने मंदिर में ‘हवन’ किया, जो रात 12 बजे के लगभग शुरू होकर 1.30 बजे खत्म हुआ।
मुख्यमंत्री बनने के बाद चन्नी का तीसरा दौरा
पंजाब के मुख्यमंत्री पद पर काबिज होने के बाद चन्नी माता बगलामुखी का आशीर्वाद लेने तीसरी बार मंदिर पहुंचे थे। उनका यह दौरा पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले हुआ है। आचार्य दिनेश ने कहा, ‘यह मुख्यमंत्री बनने के बाद चन्नी का तीसरा दौरा था। वह पिछले 18-20 वर्षों से बगलामुखी मंदिर आते रहे हैं। गुप्त नवरात्रि चल रही है और इस अवसर पर वह अपने परिवार के साथ यहां पूजा-अर्चना करने आए।’ चन्नी इससे पहले बीते साल चार दिसंबर और 30 दिसंबर को बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे।
माता वैष्णो देवी मंदिर गए थे नवजोत सिंह सिद्धू
बता दें कि इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू बुधवार को जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुट पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। वह दोपहर को आधार शिविर कटरा पहुंचे थे। वहां से माता वैष्णो देवी की पूर्जा अर्चना करने सीधे भवन (गर्भ गृह) गए। इस संबंध में उन्होंने ट्वीट किया था। अपने ट्वीट में सिद्धू ने लिखा था, ‘‘स्वर्ग जैसे धाम पर गर्मजोशी, प्याार एवं स्नेह से दिल भर आया। माता की दैवीय कृपा ने धर्म के रास्ते पर हमेशा मेरी रक्षा की है। उनके आशीर्वाद के लिए उनके चरण कमल में आया हूं। दुष्टां दा विनाश कर, पंजाब दा कल्याण कर… सच धरम दी स्थापना कर।’’


Download Android App
Download iOS App



