फ्रांस में भी ‘चौकीदार चोर है’ का नारा मशहूर हो गया : राहुल गांधी

Summary :

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘रक्षा मंत्रालय और वायुसेना कहती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राफेल सौदे में दसॉल्ट एविएशन के साथ समानांतर समझौता किया।’’

राफेल सौदा विवाद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य में उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री ने फ्रांसीसी लड़ाकू विमान के लिए दसॉल्ट एविएशन के साथ ‘‘समानांतर समझौता’’ किया। गुजरात के वलसाड जिले में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी सरकार ने किसानों की कर्ज माफी से इंकार कर दिया लेकिन ‘‘शीर्ष 15 उद्योगपतियों’’ के 3.5 लाख करोड़ रुपये का ऋण माफ कर दिया।

राहुल गांधी ने कहा, मैंने सरकार बनाने के 10 दिनों के भीतर मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ऋण माफ करने का वादा किया था। मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि इसमें 10 दिन नहीं लगे, कमलनाथ जी और भूपेश बघेल जी ने 6 घंटे में ऋण माफ किया और अशोक गहलोत जी ने 2 दिनों में किया।

राफेल जेट सौदे में प्रधानमंत्री पर प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘‘फ्रांस में भी ‘चौकीदार चोर है’ का नारा मशहूर हो गया है और फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति भी कहते हैं ‘चौकीदार चोर है’।’’ राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘रक्षा मंत्रालय और वायुसेना कहती है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राफेल सौदे में दसॉल्ट एविएशन के साथ समानांतर समझौता किया।’’

Rafael Deal

अंतिरम बजट में सरकार के भत्ते की आलोचना करते हुए उन्होंने वादा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो गरीबों के खाते में आय गारंटी योजना के तहत 17 रुपये प्रतिदिन की राशि को बढ़ाएगी। कांग्रेस प्रमुख राफेल जेट सौदे पर लगातार सरकार को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने मंगलवार को मोदी पर आरोप लगाए कि फ्रांस के साथ लड़ाकू विमान सौदे में उन्होंने उद्योगपति अनिल अंबानी के लिए बिचौलिये का काम किया। बहरहाल, सरकार और अंबानी लड़ाकू विमान सौदे में किसी भी तरह की खामी के आरोपों से लगातार इंकार करते रहे हैं।

Desk Team