महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर चल रही खींचतान के बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ अपनी एक तस्वीर ट्वीट करते हुए संदेश लिखा “लक्ष्य तक पहुंचने से पहले सफर में मजा आता है।” ‘मराठी मानुष’ के मुद्दों की पैरोकार रही शिवसेना के राज्यसभा सदस्य राउत ने अपने ट्विटर हैंडल पर हिंदी में संदेश पोस्ट किया “लक्ष्य तक पहुंचने से पहले सफर में मजा आता है।”
राउत ने पोस्ट में अपने फालोअर्स का अभिवादन “जय हिंद” के नारे के साथ किया है, वह भी तब जब पार्टी लंबे समय से अभिवादन के लिए “जय महाराष्ट्र” के इस्तेमाल पर जोर देती रही है। गठबंधन सहयोगी भाजपा के साथ महाराष्ट्र में अगली सरकार के गठन को लेकर जारी गतिरोध के बीच राउत का आज शाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात का कार्यक्रम है।
जय हिंद pic.twitter.com/AGfKbpVo0i
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) November 4, 2019
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब एक दिन पहले ही राज्यसभा सदस्य राउत ने दावा किया था कि जल्द ही “170 विधायकों” के समर्थन से उनकी पार्टी का मुख्यमंत्री होगा। प्रदेश में सरकार गठन को लेकर गतिरोध अभी बना हुआ है। इस बीच राउत ने रविवार को कहा कि भाजपा के साथ बातचीत सिर्फ मुख्यमंत्री पद के मुद्दे पर होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अकोला में रविवार को संवाददाताओं को बताया कि नयी सरकार का गठन जल्द होगा। गतिरोध के बीच, शिवसेना राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से भी संपर्क साधती दिख रही है क्योंकि राकांपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने रविवार को पत्रकारों के सामने राउत द्वारा उन्हें भेजे गए एक संदेश का खुलासा किया। संदेश में लिखा था: “नमस्कार, मैं संजय राउत। जय महाराष्ट्र।”
दिल्ली में हवा चलने से प्रदूषण का स्तर थोड़ा गिरा, लेकिन वायु गुणवत्ता अब भी ‘बेहद गंभीर’
पवार ने कहा, “इसका मतलब मुझे उन्हें फोन करना चाहिए। मैं फोन कर, जांच करूंगा।” महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में हुए चुनाव में भाजपा ने 105 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि शिवसेना के खाते में 56 सीटें आई हैं। राकांपा ने 54 सीटें जीतीं और कांग्रेस के खाते में 44 सीटें आई हैं।


Download Android App
Download iOS App



