School Closed Due to Heat Wave: ओडिशा में भीषण गर्मी को देखने हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी हैं। अब राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे। सरकार ने ये फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूल और जन शिक्षा विभाग के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें गर्मियों की छुट्टियां पहले करने की बात कही गई थी।
School Closed Due to Heat Wave: निर्धारित समय पर होंगी परीक्षाएं

ओडिशा सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि पहले से तय परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े काम और अन्य सरकारी काम अपने निर्धारित समय पर ही होंगे। इस समय ओडिशा में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो चुका है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
40 डिग्री सेल्सियस के पार पंहुचा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने कुछ जिलों जैसे बोलांगीर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, क्योंझर और खुर्दा में लू का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
गुरुवार को ओडिशा के 24 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें झारसुगुड़ा और तालचेर सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी तरह, शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे तक ही झारसुगुड़ा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी तापमान इसी के आसपास बना हुआ था।
Odisha Heatwave Alert: दोपहर में जनगणना के काम पर भी रोक

गर्मी इतनी तेज है कि सुबह 11 बजे के बाद ही सड़कों पर भीड़ बहुत कम हो गई। भीषण लू से बचने के लिए ज्यादातर लोग अपने घरों के अंदर ही रहे। राज्य के कई हिस्सों में लू लगने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी स्थिति को देखते हुए कई जिलों के कलेक्टरों ने पहले ही स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी थीं।
इसके अलावा, बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने जनगणना करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनगणना का काम रोक दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में टीचर के डर से 150 बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ा, स्टील के पाइप और डंडों से पीटने का आरोप























