दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा उपचुनाव के लिए शिवसेना ने मोहन डेलकर की पत्नी को बनाया उम्मीदवार

Summary :

शिवसेना ने दिवंगत निर्दलीय सांसद मोहन डेलकर की पत्नी कलाबेन डेलकर को इस महीने के अंत में दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उतारा है।

शिवसेना ने दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा सीट से वहां के सांसद रहे मोहन डेलकर की पत्नी कलाबेन डेलकर को टिकट दिया है। इसी साल फरवरी महीने में इस सीट से सात बार सांसद रहे मोहन डेलकर की मृत्यु के बाद यह सीट खाली हुई थी। उपचुनाव 30 अक्टूबर को होगा जिसके लिए पर्चा दाखिल करने की अंतिम तारीख आठ अक्टूबर थी। मतों की गणना दो नवंबर को होगी।
कलाबेन ने अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर शुक्रवार को पर्चा भरा। उपचुनाव में उनका मुकाबला भाजपा के महेश गावित और कांग्रेस के महेश धोडी से होगा। दादरा एवं नागर हवेली निर्वाचन क्षेत्र में देश की दो अन्य लोकसभा सीटों तथा 30 विधानसभा सीटों के साथ उपचुनाव कराये जा रहे हैं।
गौरतलब है कि मोहन डेलकर ने मुंबई के मरीन ड्राइव क्षेत्र के एक होटल में 22 फरवरी को फांसी लगा ली थी। वह राजनीतिक करियर में अलग अलग समय पर कांग्रेस एवं बीजेपी दोनों ही दलों के सदस्य रहे थे और इस निर्वाचन क्षेत्र से सात बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
चुनाव प्रचार के दौरान कलाबेन ने कहा, ‘‘उनलोगों ने खुदकुशी के लिए उन्हें मजबूर किया। यह एक लोकप्रिय नेता की हत्या से कम नहीं है। हमें उनके हत्यारों को दंडित करना है। यह लड़ाई इंसाफ के लिए है। यदि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो ईश्वर हमें नहीं माफ करेंगे। मैं बहुत आंसू बहा चुकी लेकिन अब आंसू बहाने का नहीं बल्कि जबर्दस्त जवाब देने का वक्त है।’’ डेलकर ने 2019 का चुनाव बीजेपी के नाटूभाई पटेल को हराकर जीता था।

Desk Team