पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के खत्म होने और ममता सरकार के पुनः गठित होने के बाद भी राज्य की राजनीति में हलचल जारी है। चुनावों में टीएमसी की भारी जीत के बाद पार्टी में वापसी करने वाले मुकुल रॉय की विधायकी छीनने के लिए नंदीग्राम से बीजेपी विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी विधानसभा स्पीकर को अर्जी दी है।
शुभेंदु अधिकारी ने राज्य विधानसभा के स्पीकर के समक्ष एक अर्जी के जरिए मुकुल रॉय को विधायक के रूप में उन्हें अयोग्य ठहराने की मांग की है। इससे पहले अधिकारी राज्य विधानसभा से मुकुल रॉय को अयोग्य ठहराने की अपनी मांग के समर्थन में कागजी कार्रवाई पूरी कर चुके हैं।
इस पर तृणमूल कांग्रेस ने अधिकारी से सवाल किया कि क्या अधिकारी ने अपने पिता शिशिर अधिकारी को लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने को कहा है जो पार्टी बदल कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। गौरतलब है कि मुकुल रॉय हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर कृष्णानगर उत्तर सीट से विजयी हुए थे और 11 जून को वह वापस तृणमूल में लौट आए।
वह 2017 में ममता बनर्जी की पार्टी छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल हुए थे। कभी तृणमूल में दूसरे सबसे प्रमुख नेता रहे रॉय को फरवरी, 2015 में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटा दिया गया था। जिसके बाद वह बीजेपी में शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



