पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला का इस्तीफा स्वीकार लिया है और उन्होंने पत्र को राज्यपाल जगदीप धनखड़ के पास भेज दिया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ने शुक्ला को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बंगाल की रणजी टीम के पूर्व कप्तान शुक्ला (39) ने बनर्जी को भेजे अपने त्यागपत्र में कहा कि वह राजनीति से ‘संन्यास’ लेना चाहते हैं। शुक्ला ने त्यागपत्र की एक प्रति राज्यपाल को भी भेजी थी। शुक्ला के इस्तीफे के कुछ दिन पहले राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे।
बनर्जी ने सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘लक्ष्मी इस्तीफा दे सकते हैं, यह मायने नहीं रखता। वह अच्छा लड़का है। वह क्रिकेट से फिर से जुड़ने के लिए पद छोड़ना चाहते हैं। अपने पत्र में उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा के लिए नहीं लिखा है, बल्कि राजनीति से संन्यास लेने की इच्छा जतायी है और खेल पर ध्यान देना चाहते हैं और उसी में ज्यादा समय देंगे।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हावड़ा (उत्तर) निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शुक्ला ने त्यागपत्र में कहा है कि वह विधायक पद पर बने रहेंगे और विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे। बनर्जी ने कहा, ‘‘उन्होंने (शुक्ला) अन्य दायित्यों से भी मुक्त करने को कहा है। इसलिए मैंने उनका इस्तीफा राज्यपाल के पास भेज दिया है। मैं उनके अच्छे भविष्य की कामना करती हूं और हमारे बीच किसी तरह की गलतफहमी नहीं है।’’
शुक्ला ने तृणमूल कांग्रेस की हावड़ा इकाई के प्रभारी पद से भी इस्तीफा दे दिया है। शुक्ला से कई बार संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन उनका जवाब नहीं मिल पाया।


Download Android App
Download iOS App



