कोविड-19 को लेकर आम जन में जागरूकता फैलाने के लिए राज्य सरकार के अनूठे अभियान के तहत मंगलवार को कई स्थानों पर सायरन बजाया गया। इस मुहिम से जुड़े लोगों ने सायरन बजने के दौरान 2 मिनट के लिए अपने स्थान पर थमकर महामारी से बचाव की हिदायतों के पालन का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट यहां सपना-संगीता रोड क्षेत्र में संकल्प अभियान में शामिल हुए। इस दौरान जब सायरन बजा, तो वह अन्य लोगों के साथ अपनी जगह पर सावधान की मुद्रा में 2 मिनट तक खड़े दिखाई दिए।
उन्होंने बताया कि सिलावट ने एक वाणिज्यिक परिसर के बाहर पीले रंग में डूबे ब्रश से गोले भी बनाए, ताकि ग्राहक वहां खड़े होकर कोविड-19 से बचाव के लिए शारीरिक दूरी की हिदायत का पालन कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि राज्यस्तरीय संकल्प अभियान के तहत सिलावट ने यहां आम लोगों को मास्क भी बांटे। गौरतलब है कि इंदौर, सूबे में कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित जिला है जहां हाल के दिनों में महामारी के नये मामलों में वृद्धि देखने को मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 387 नये मामले आए। इसके साथ ही, 24 मार्च 2020 लेकर अब तक जिले में संक्रमित मिले कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 64,896 पर पहुंच गई है। इनमें से 945 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



