झारखंड के पलामू से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां महाशिवरात्रि से पहले दो समुदायों के बीच जबरदस्त पत्थरबाजी और आगजनी हुई है। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। विवाद के बाद पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। बताया जा रहा है कि शिवरात्रि के लिए पांकी की मार्किट में तोरणद्वार बनाने पर विवाद हुआ था। घटना पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र की है।
तोरणद्वार हटाने को लेकर विवाद

चश्मदीदों ने बताया है कि शिवरात्रि से पहले इलाके में तोरणद्वार लगाया जा रहा था। इसको हटाने को लेकर विवाद हो गया और दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामला गर्म हो गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान शरारती तत्वों ने पेट्रोल बम का इस्तेमाल कर कई मोटर साईकिल को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
कई पुलिसवाले भी जख्मी

घटना को देखते हुए जब पुलिसकर्मी बीच बचाव कराने गए तो उनपर भी पत्थरबाजी हुई। इस दौरान कई पुलिसवाले भी जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि मौके पर पांकी के इंस्पेक्टर अरुण कुमार महथा और थाना प्रभारी रंजीत कुमार यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।
भारी पुलिसबल तैनात, आरोपियों पर होगी कड़ी कार्रवाई- एसपी
घटना के बाद पलामू जिले के एसपी सीके सिन्हा ने कहा कि तीन थानों की टीमों की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में आ गई। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



