युवाओं के पास नौकरी नहीं होगी तो केवल भगवान राम के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं : उद्धव ठाकरे

Summary :

सीएम ठाकरे ने रविवार को कहा कि, देश के युवाओं के जीवन और महत्वाकांक्षाओं से खिलवाड़ करना गलत है।

अग्निपथ योजना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सीएम ठाकरे ने रविवार को कहा कि, देश के युवाओं के जीवन और महत्वाकांक्षाओं से खिलवाड़ करना गलत है। शिवसेना के 56वें स्थापना दिवस पर पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि, यदि युवाओं के पास नौकरी नहीं होगी तो केवल भगवान राम के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है।
आपको सिर्फ वही आश्वासन देना चाहिए, जो आप पूरा कर सकते हैं : सीएम उद्धव
सीएम ठाकरे ने कहा कि, केंद्र के कुछ कृषि कानूनों के खिलाफ पहले किसान सड़कों पर उतरे थे। उन्होंने कहा, आपको सिर्फ वही आश्वासन देना चाहिए, जो आप पूरा कर सकते हैं। ठाकरे ने सवाल किया, योजनाओं को अग्निपथ और अग्निवीर नाम क्यों दिया गया? 17 से 21 साल तक के युवा चार वर्षों बाद क्या करेंगे? शिवसेना प्रमुख ने कहा, संविदा पर सैनिक रखना खतरनाक है और युवाओं के जीवन एवं महत्वाकांक्षाओं से खिलवाड़ करना गलत है। यदि युवाओं के पास नौकरी नहीं होगी तो केवल भगवान राम के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है।

हिंसक प्रदर्शन होने के बावजूद महाराष्ट्र शांत है
शिवसेना नेता ने कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ देश के कुछ हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन होने के बावजूद महाराष्ट्र शांत है। उन्होंने कहा, आज मेरा दिन हो सकता है, कल कोई और बेहतर विकल्प के तौर पर उभरेगा।

Desk Team