TMC ने ‘सूटकेस की राजनीति’ वाली टिप्पणी के लिए देवेंद्र फडणवीस पर साधा निशाना

Summary :

तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस की ‘‘सूटकेस की राजनीति’’ वाली टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना करते हुए पलटवार किया कि भाजपा खेमा को ही ‘नेताओं की खरीद-फरोख्त करने की कला में महारत’ हासिल है।

तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस की ‘‘सूटकेस की राजनीति’’ वाली टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना करते हुए पलटवार किया कि भाजपा खेमा को ही ‘नेताओं की खरीद-फरोख्त करने की कला में महारत’ हासिल है। 
तृणमूल कांग्रेस ने गोवा में ‘‘सूटकेस’’ के भरोसे अपना राजनीतिक विस्तार करने की कोशिश की- फडणवीस 
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और गोवा में भाजपा के चुनाव प्रभारी फडणवीस ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने गोवा में ‘‘सूटकेस’’ के भरोसे अपना राजनीतिक विस्तार करने की कोशिश की, लेकिन वह लोगों के दिलों में जगह बनाने में नाकाम रही। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा के लोग मानते हैं कि यह पार्टी (टीएमसी) गोवा के लिए उपयुक्त नहीं है।’’ 
भाजपा को ‘सूटकेस की राजनीति’ पर बात नहीं करनी चाहिए – टीएमसी
फडणवीस की इस टिप्पणी पर टीएमसी ने तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए भाजपा पर गोवा में ‘‘आसन्न हार को देखते हुए इस तरह के बेतुके बहाने तलाशने’’ का आरोप लगाया। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, ‘‘भाजपा को ‘सूटकेस की राजनीति’ पर बात नहीं करनी चाहिए। पूरे देश ने देखा कि उसने (भाजपा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दौरान क्या किया। वे निजी विमानों में नकदी भरकर लाये। गोवा में भी भाजपा ने 2017 में सरकार बनाई, जिसमें खरीद-फरोख्त के जरिये अन्य दलों के विधायकों को शामिल किया गया था। भाजपा गोवा में आसन्न हार को देखते हुए इस तरह के निराधार आरोप लगा रही है।’’ 
गोवा के लिए टीएमसी की प्रभारी महुआ मोइत्रा ने कहा कि यह हास्यास्पद है कि ‘‘सूटकेस की राजनीति करने वाले दूसरों पर इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।’’ टीएमसी ने अगले महीने होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव के लिए हाल में उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा की थी। 

Shera Rajput