राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी जबकि उत्तर प्रदेश में मतदाताओं के लिए कांग्रेस एक बेहतर विकल्प के रूप में सामने आ रही है।
उत्तर प्रदेश में लोग बदलाव चाहते है – पायलट
उत्तर प्रदेश का दौरा कर लौटे पायलट ने बृहस्पतिवार को टोंक में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘उत्तराखंड और पंजाब में हम सरकार बनाएंगे। उत्तर प्रदेश में लोग बदलाव चाहते है और कांग्रेस एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आ रही है।’’
उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों के उत्पीड़न, महिलाओं के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘आप किसानों के साथ इतनी बर्बरता करेंगे, महिलाओं का शोषण उत्पीड़न होगा… उत्तर प्रदेश के हर जिले में जिस प्रकार से पुलिस और प्रशासन ने कानून के दायरे के बाहर जाकर काम किया है लोगों में आतंक फैलाया है और जिस रवैये से काम किया है उसमें हर चीज काबू के बाहर है…’’
उन्होंने कहा, ‘‘महंगाई हो, बेरोजगारी हो, निवेश होता नहीं.. बिजली पानी सड़क की कोई बात नहीं करता.. सिर्फ वहां ‘बुलडोजर’ राज है और वहां ‘एकाउंटर’ का राज है और इसलिए मैं समझता हूं कि इश्तहार आप कुछ भी लिखवा लें.. अखबार में आप कितना भी इश्तहार दे, पोस्टर छपवा लें.. अरबों रुपये खर्च कर रहे है लेकिन धरातल पर आज भी भाजपा के विधायक को उसके क्षेत्र से लोगों ने भगा दिया वहां से तो लोगों में रोष है.. वे बदलाव चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में कांग्रेस तीन दशक से सत्ता में नहीं है लेकिन समाजवादी पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी की सरकारें लोग वहां देख चुके हैं उन सरकारों को लोग नकार चुके है। भाजपा को देख चुके है.. नकार चुके हैं.. हम लोग कोशिश कर रहे हैं कि एक बेहतर विकल्प दे सकें।’’
उत्तर प्रदेश में भाजपा के लोगों के दूसरी पार्टी में जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा का अंतर्विरोध उत्तर प्रदेश में वह जगजाहिर है उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है हमारी डबल इंजन की सरकार है लखनऊ और केंद्र में अगर सरकार इतनी मजबूत है और इतना उनके अंदर आत्मविश्वास है.. ऐसे में वर्तमान मंत्री और विधायक भाजपा छोड़कर भाग रहे हैं कुछ कारण तो होगा। आप समझ लीजिए कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन खिसक रही है प्रधानमंत्री को लगातार वहां रैलियां करनी पड़ रही है।


Download Android App
Download iOS App



