रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पहाड़ी मंदिर रांची की पहचान है। इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। यहां सुविधाओं में वृद्धि की जायेगी। इसे विकसित करने के लिए दीर्घकालिक योजना बनायें। पहाड़ी को बचाने के लिए बोल्डर और तार से बांधे। देश की बड़ी कंपनी के साथ मिलकर इसे ठीक करें। सरकार पैसे की कमी नहीं होने देगी। ये बातें उन्होंने पहाड़ी मंदिर के निरीक्षण करने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों व मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक के दौरान कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सावन का महीना शुरू हो गया है।
अभी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तत्कालिक कदम उठायें। इसमें जहां सीढ़ी टूटी हुई है, उसकी तत्काल मरम्मत करें। सावन के बाद फिसलनरोधी टाइल्स लगायें। भीड़ को देखते हुए मेडिकल सेंटर शुरू करें। शौचालय की व्यवस्था करें। भीड़ नियंत्रण के लिए सिविल डिफेंस की मदद लें। दीर्घकालिक योजना के तहत यहां बायो वेस्ट कंपोजिट मशीन लगाकर खाद तैयार करें। इस खाद को पहाड़ी मंदिर खाद ब्रांड से बेचकर राजस्व प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिया कि सावन के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में बैठक कर आगे की योजना तैयार करें। बैठक में उपायुक्त राय महिमापत रे, एसएसपी अनीश गुप्ता, एसडीओ श्रीमती अंजली यादव समेत मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



