रुद्रपुर : रकम दो गुनी करने का झांसा देकर अपने जाल में फांसने वाले जालसाज पुलिस के जाल में फंस गए। इन लोगों ने कइयों को अपना शिकार बनाया था। पूरे मामले में सीएम के दखल के बाद हरकत में आई पुलिस ने कल ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था और तेजी से कार्रवाई करते हुए आज दो शातिरों को धर दबोचा। पुलिस ने फर्जी कंपनी चलाने वाले इन जालसाजों से दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
आज मामले का खुलासा करते हुए ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी ने बताया कि आरोपी लोगों को फांसते थे और कहते थे कि अगर वह दस हजार जमा करेंगे तो उन्हें 1800 रुपये प्रति माह मिलेगा और 10 माह में 18 हजार मिलेंगे। जबकि पांच हजार जमा करने पर नौ सौ रुपये प्रति माह व 10 माह में नौ हजार वापस मिलेंगे। इस झांसे में कई लोग आए और एक ने इसकी शिकायत सीएम पोर्टल पर कर दी। इस मामले की जांच एसआई दिनेश सिंह व एसआई धर्मेंद्र आर्या को दी गई।
मुखबिर की सूचना पर मूड़ापांडे मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी रूप किशोर पुत्र राम कुमार व जसमोली सहजादनगर मिलख रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी चंद्रपाल पुत्र मढ़ई लाल को जेपीएस स्कूल गंगापुर रोड से धर दबोचा। आरोपियों ने यहीं अपना कार्यालय बना रखा था। जहां से पुलिस ने दस्तावेज व कंप्यूटर अपने कब्जे में ले लिये। आरोपियों ने रामपुर में भी अपना दफ्तर बना रखा है। टीम में एसआई दिनेश सिंह, एसआई धर्मेंद्र आर्या, का.रघुनाथ सिंह, राकेश खेतवाल, प्रकाश चिलकोटी हैं।


Download Android App
Download iOS App



