हरिद्वार : पांच सौ के नकली नोट से खरीदारी कर रहे दो नाबालिगों को दुकानदार ने पकड़ लिया। तलाशी ली तो उनके पास इक्कीस हजार पांच सौ रुपये के नकली नोट मिले। उन्होंने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित खुद को सोनीपत हरियाणा का निवासी होना बता रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हरिद्वार में इससे पहले भी नकली नोट चलाने वाला गिरोह पकड़ में आ चुके हैं।
हरकी पैड़ी क्षेत्र में दो नाबालिग विष्णु घाट के पास एक दुकान में पहुंचे। उन्होंने दो सौ रुपये का सामान लिया और दुकानदार को पांच सौ रुपये का नोट दिया। दुकानदार ने चेंज न होना कहा तो बच्चे पांच सौ रुपये रख लो कहकर आगे बढ़ गए। इस पर दुकानदार को नोट नकली होने का संदेह हुआ। जांच की तो आशंका सही निकली।
इस पर दुकानदार ने कुछ ही आगे बढ़े दोनों बच्चों को पकड़ लिया और उनके बैग की तलाशी ली। उसमें पांच सौ के कई नोट देख उनका माथा ठनका। उन्होंने पुलिस को बुलाकर दोनों बच्चों के उनके हवाले कर दिया। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि बच्चों ने अपना पता बरुड़ा, तहसील गुहाना जिला सोनीपत हरियाणा होने की जानकारी दी। इनमें से एक बच्चे ने बताया कि उसके बड़े भाई ने पीठ बाजार में गाय बेची थी, उसे किसी ने यह नकली नोट दिए थे। भाई ने ही 21 हजार के नोट चलाने के लिए उसे हरिद्वार भेजा था।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



