तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस की विधान पार्षद (एमएलसी) के. कविता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की इस हफ्ते प्रस्तावित तेलंगाना दौरे की बुधवार को निंदा की। उन्होंने इसे ‘‘राजनीतिक पर्यटन’’करार दिया।
टीआरएस वास्तव में लोगों के लिए काम करती हैं – कविता
कविता ने निजामाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चुनाव लड़ने के लिए कई राजनीतिक पर्यटक राज्य का दौरा करेंगे लेकिन यह तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) है जो वास्तव में लोगों के लिए काम करती है।टीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ने राज्य के दौरे के दौरान किसानों के मुद्दे पर वांरगल में राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह केवल राजनीति करते हैं।
राहुल गांधी संसद में किसानों के लिए कुछ नही बोलते
उन्होंने कहा, ‘‘जब तेलंगाना में धान की खरीद चल रही थी, हमने राहुल गांधी जी से अनुरोध किया था कि वह इस मुद्दे को संसद में उठाएं और तेलंगाना के किसानों का समर्थन करें। वह संसद में तेलंगाना और किसानों के बारे में नहीं बोलते। लेकिन वह यहां ‘रयथु संघर्षणा सभा’ (किसान संघर्ष सभा) करने की योजना बना रहे हैं। यह कुछ नहीं बल्कि राजनीति है।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय दौरे पर तेलंगाना आ रहे राहुल गांधी का वारंगल में रैली के अलावा हैदराबाद आने का कार्यक्रम है। नड्डा का भी पार्टी की राज्य इकाई अध्यक्ष व सांसद बी. संजय कुमार द्वारा की जा रही ‘‘पदयात्रा’’ के तहत बृहस्पतिवार को महबूबनगर में जनसभा करने का कार्यक्रम है।
हल्दी बोर्ड न बनवा पाने पर कविता ने भाजपा सांसद को घेरा
निजामाबाद से पूर्व लोकसभा सदस्य कविता ने भाजपा के मौजूदा सांसद अरविंद धर्मपुरी को भी कथित तौर पर जिले में हल्दी बोर्ड स्थापित करने में असफल रहने पर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि अरविंद केंद्र सरकार को हल्दी बोर्ड की मांग मनवाने में असफल रहे जो लंबे समय से इलाके के किसानों की मांग रही है।


Download Android App
Download iOS App



