वडोदरा में 14 वर्षीय एक किशोरी से दुष्कर्म मामले में अहमदाबाद अपराध शाखा ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध), अहमदाबाद अजय तोमर ने बताया कि आरोपी की पहचान 28 वर्षीय किशन माथासुरिया और 21 वर्षीय जासो सोलंकी के रूप में हुई है और इसे वडोदरा के तारसली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों इसी इलाके में रहते थे।
तोमर ने बताया कि दोनों को वडोदरा तारसली क्षेत्र से अहमदाबाद अपराध शाखा ने वडोदरा सिटी पुलिस के साथ तालमेल के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि वडोदरा क्षेत्र के राजमहल रोड पर स्थित नवलखी क्षेत्र में किशोरी के साथ 28 नवंबर को दुष्कर्म की घटना हुई थी। किशोरी अपने एक पुरुष मित्र के साथ थी। आरोपियो ने पहले लड़की के दोस्त को पीटा और उसके बाद लड़की को किसी सूनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए आरोपी के दो अलग स्केच जारी किए थे और आरोपी की जानकारी देने वालों को एक लाख रुपये ईनाम देने की घोषणा भी की थी। तोमर ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य चीजों का सहारा इस मामले की जांच के लिए लिया जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों को वडोदरा पुलिस को सौंप दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



