सोमवार को केरल के तिरुवनंतपुरम अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात में चली 3 घंटे की पूछताछ के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 2 आतंकवादियों को हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आतंकवादियों के सऊदी अरब से यहां पहुंचने के बाद एनआईए ने दोनों को हिरासत में ले लिया, जिसमें से एक गुल नवाज उत्तर प्रदेश का निवासी है जबकि दूसरा शुहैब केरल के कन्नूर से ताल्लुक रखता है।
इन दोनों में से एक आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से है जबकि दूसरा इंडियन मुजाहिदीन से जुड़ा हुआ हैं। सऊदी अरब के रियाध से यहां लौटने के बाद ख़ुफ़िया एजेंसी रॉ समेत कई जांच एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर ही इनसे लगभग 3 घंटे पूछताछ की जिसके बाद इन्हें हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों के मुताबिक दोनों आतंकवादियों को पहले कोच्चि ले जाया जाएगा, जिसके बाद शुहाब को बेंगलुरु जबकि गुल नवाज को दिल्ली ले जाया जाएगा।
इन दोनों आतंकवादियों को बेंगलुरु में हुए विस्फोट को लेकर हिरासत में लिया गया है तथा इस मामले में दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका था। एनआईए से मिली जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के आतंकी संगठन अल कायदा के आतंकियों द्वारा इन व्यक्तियों को सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी बनाया गया था साथ ही दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहरों में हमले करने के लिए तैयार किया गया था। फिलहाल, एनआईए के मुताबिक इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



