महाराष्ट्र में कड़ी पाबंदियों के बावजूद कोरोना संक्रमण लोगों पर कहर बनकर फूट रहा है, ऐसे में लोगों का जल्द से जल्द टीकाकरण करना ही एकमात्र विकल्प है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को विश्वास जताया कि जून से पर्याप्त टीके मिलने के बाद टीकाकरण अभियान में तेजी आएगी।
पीडीएट्रिक्स (बाल चिकित्सा) कोविड-19 प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन करते करते हुए ठाकरे ने कहा कि उनकी सरकार टीका आपूर्ति के मुद्दे पर लगातार चर्चा कर रही है और 18-44 उम्र समूह के लोगों के लिए 12 करोड़ खुराकों को लेकर रकम का एकमुश्त भुगतान करने को तैयार है। राज्य की कुल आबादी में इस उम्र समूह के छह करोड़ लोग हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं आश्वस्त हूं कि जून के बाद आपूर्ति सुगम हो जाने पर टीकाकरण अभियान को गति मिलेगी।’’ उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान राज्य में ऑक्सीजन की कमी हुई थी लेकिन अब चिकित्सकीय ऑक्सीजन के मामले में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने के बाद तीसरी लहर से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकेगा।
ठाकरे ने कहा, ‘‘वायरस को हराने में हमें कामयाबी नहीं मिली है, लेकिन हमने मामलों को नियंत्रित कर लिया है। सभी हितधारकों के एकजुट प्रयासों से हमारे राज्य को सफलता मिली है। हमें संभावित तीसरी लहर से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहना होगा। पहली लहर में वरिष्ठ नागरिक प्रभावित हुए थे, दूसरी लहर में युवा इसकी चपेट में आए और अब बच्चों को इसका खतरा है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन जैसी पाबंदी लगायी गयी और लोगों से कोविड-19 के लक्षण दिखने पर तुरंत उपचार कराने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



