केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश में हस्तशिल्प और हथकरघा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि ‘मृगनयनी’ मध्यप्रदेश के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों की पारंपरिक कला का बेहतर संरक्षण कर रहा है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने नागपुर के सांस्कृतिक केंद्र परिसर में मध्यप्रदेश हस्तशिल्प विकास निगम के शोरूम के शुभारंभ करते हुए कहा कि भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विभिन्न घटक भी देश की हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को प्रोत्साहित करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने मध्यप्रदेश हस्तशिल्प विकास निगम की गतिविधियों को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि भारत सरकार की निफ्ट और डिजाइन संस्थानों के माध्यम से युवा शिल्पियों को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है, जिससे इनकी कला को और परिष्कृत किया जा सकेगा। मध्यप्रदेश हस्तशिल्प विकास निगम के प्रबंध संचालक राजीव शर्मा ने बताया कि मृगनयनी भारत में सर्वाधिक प्रतिष्ठित हथकरघा- हस्तशिल्प ब्रांड बन गया है।
मृगनयनी के माध्यम से प्रदेश के शिल्प को नई पहचान मिली है। मध्य प्रदेश की माहेश्वरी, चंदेरी की साड़ियां, पीतल शिल्प, पत्थर शिल्प, काष्ठ शिल्प, टेराकोटा शिल्प की मांग पूरे देश में तेजी से बढ़ रही है। बताया गया है कि मृगनयनी का नागपुर में शुरु हुआ ये 39वां शोरूम है, जो देश के बड़े और मेट्रोपॉलिटन शहरों में खोला गया है।


Download Android App
Download iOS App



