केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को विकास के मुद्दे पर केंद्र को निशाना बना रहे अभिनेता एवं मक्कल नीधि मय्यम के संस्थापक कमल हासन को कोयंबटूर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी से खुली बहस करने की चुनौती दी।
गुजराती समाज द्वारा यहां आयोजित ‘नॉर्थ इंडिया कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम’ में भाजपा नेता ईरानी ने स्मरण किया कि कुछ सालों पहले उन्होंने उनके साथ बहस में भाग लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं कमल हासन को वनाथी श्रीनिवासन से बहस करने और लोगों के सामने यह साबित करने की चुनौती देती हूं कि वाकई वह कौन है जिसे मुद्दों की अच्छी समझ है, जो समाधान देता है और नीतियां लागू करता है।’’
बुनियादी ढांचे पर आंकड़ा पेश करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र ने देशभर में 10 करोड़ शौचालय बनवाये हैं, जिनमें से 90 लाख तमिलनाडु में हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रधानमंत्री ने जनधन योजना शुरू की, जिसके तहत सरकार ने सीधे लोगों के खातों में धनराशि अंतरित की एवं 40 करोड़ लोग लाभान्वित हुए, जिनमें 90 लाख तमिलनाडु में हैं।
ईरानी से जब यह कहा गया है कि वह कमल हासन को ही निशाना क्यों बना रही हैं, जब कांग्रेस समेत दूसरे दल भी चुनाव मैदान में हैं, तब उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस परिदृश्य में कहीं है ही नहीं।’’ हासन कोयंबटूर दक्षिण सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने अपने प्रचार के दौरान विकास के मुद्दे पर केंद्र पर निशाना साधा था। तमिलनाडु में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव है।


Download Android App
Download iOS App



