उत्तर प्रदेश के उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मध्य प्रदेश में आकर बसने की मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपील की है। साथ ही राज्य में संपूर्ण सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्नाव दुष्कर्म मामले की सुनवाई दिल्ली में नियमित रूप से कराने के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश का स्वागत करते हुए शुक्रवार को ट्वीट किया, “उन्नाव दुष्कर्म मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य।”
कमलनाथ ने कहा, “यूपी को असुरक्षित मान छोड़ने का निर्णय ले चुकी पीड़िता की मां व परिजनों से मैं अपील करता हूं कि वे सभी मध्यप्रदेश आकर बसने का निर्णय लें। हमारी सरकार आपके पूरे परिवार को सम्पूर्ण सुरक्षा प्रदान करेगी।”

कमलनाथ ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “बच्ची का हम बेहतर इलाज कराएंगे। उसकी बेहतर शिक्षा से लेकर सम्पूर्ण दायित्व हम निभाएंगे। किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं होने देंगे। दिल्ली केस ट्रांसफर होने पर आपके दिल्ली आने-जाने की भी पूर्ण व्यवस्था करेंगे। बच्ची का प्रदेश की बेटी की तरह हम खयाल रखेंगे।”

ज्ञात हो कि उन्नाव दुष्कर्म मामले में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर आरोपी है। वह इन दिनों जेल में है। भाजपा ने उसे पार्टी से निलंबित कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



