जबलपुर में ऑटो रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई करने वाले जल्लाद गिरफ्तार

Summary :

वायरल वीडियो में आरोपी अभिषेक दुबे एवं चंदन सिंह ऑटो रिक्शा चालक अजीत विश्वकर्मा की कथित रूप से पिटाई करते हुए दिख रहे हैं, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ऑटो रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य सरकार एक्शन में आ गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 
वायरल वीडियो पर बोले नरोत्तम मिश्रा-नहीं चलेगी तालिबानी संस्कृति
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, जबलपुर में ऑटो चालक के साथ मारपीट की इस घटना में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज है और यहां‘तालिबानी संस्कृति’नहीं चलेगी। 
ऑटोरिक्शा चालक ने स्कूटी सवार महिलाओं को मारी टक्कर 
वायरल वीडियो में आरोपी अभिषेक दुबे एवं चंदन सिंह ऑटो रिक्शा चालक अजीत विश्वकर्मा की कथित रूप से पिटाई करते हुए दिख रहे हैं, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया है। दरअसल, रविवार शाम को रिक्शा चालक विश्वकर्मा ने शहर के आधारताल पुलिस थाना इलाके में एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं, जिन्हें इस हादसे में कुछ चोटें आ गई थी। 


हादसे के बाद इन महिलाओं के परिचित दुबे एवं सिंह घटनास्थल पर कार से आए और वाहन से उतरने के बाद ऑटोरिक्शा चालक को अपशब्द कहे और बुरी तरह से उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों ने ऑटो में रखी लोहे की रॉड उठाकर चालक के सिर, हाथ, पैर एवं पीठ में मारे, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस मामले में स्कूटी चालक की शिकायत पर ऑटोरिक्शा चालक के खिलाफ भी तेज गति से वाहन चलाने के लिए मामला दर्ज किया गया है। 

Desk Team