पायल घोष का नाम इन दिनों सुर्खियों में छाया हुआ है। उन्होंने जबसे अनुराग कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए तभी से वो लगातार खबरों में बनी हुई है। उन्होंने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई थी और अब पायल ने एक और शख्स से मदद की उम्मीद की है। अब पायल घोष ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने मुंबई पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस मामले में राष्ट्रपति कोविंद से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। पायल ने अनुराग कश्यप के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है।
सोमवार को पायल घोष ने इस पत्र को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया। इस पत्र में उन्होंने लिखा, ‘आदरणीय महोदय, मैं पीड़िता हूं और मैंने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी ने मुझे फिल्म इंडस्ट्री में काम देने के बहाने अपने घर पर बुलाया और उसके बाद उसने मेरे साथ घिनोना अपराध किया। मैंने 22 सितम्बर को शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक जांच में कोई प्रगति नहीं हुई है।

पायल ने आगे लिखा- आरोपी बेहद प्रभावशाली व्यक्ति है और इसलिए पुलिसकर्मी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं। अगर ये अपराध किसी गरीब व्यक्ति ने किया होता, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाता। मैं न्याय पाने के लिए हाथ जोड़कर हर दरवाजा खटखटा रही हूं। आपसे अनुरोध है कि कृपया मेरे मामले में हस्तक्षेप करें और मुझे न्याय दिलाने में मेरी मदद करें।’


Download Android App
Download iOS App



