भाजपा के पूर्व सहयोगी दल गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) ने शुक्रवार को कहा कि प्रमोद सावंत नीत ‘जन-विरोधी’ सरकार से छुटकारा पाने के लिये राज्य में महाराष्ट्र जैसे प्रयोग का वह समर्थन करती है। जीएफपी के अध्यक्ष तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने कहा कि वे महाराष्ट्र जैसे प्रयोग के जरिये गोवा में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिये तैयार लोगों से बातचीत करेंगे।
सरदेसाई ने यह बात पार्टी विधायकों विनोद पालयेकर तथा जयेश सलगांवकर, शिवसेना सांसद संजय राउत और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल के साथ शुक्रवार को मुंबई में हुई बैठक के बाद कही। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तथा शिवेसना प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में बनी तीन दलों की गठबंधन सरकार के बारे में सरदेसाई ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन क्षेत्रीय मुद्दों पर काम करेगा, जिसका जीपीएफ समर्थन करती है। शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस ने छोटे दलों को साथ लेकर महाराष्ट्र में ‘महा विकास आघाडी’ की सरकार बनाई है।
सरदेसाई ने कहा, “क्षेत्रीय दल हमारी तरह स्थानीय लोगों के लिये लड़ रहे हैं। हम इस तरह का प्रयोग गोवा में भी करने का इरादा रखते हैं ताकि लोगों को गोवा के हितों के बजाय अपने हितों के लिये काम कर रही प्रमोद सावंत की जन-विरोधी सरकार का विकल्प दिया जा सके।”


Download Android App
Download iOS App



