चंडीगढ़ : सी डब्लू सी सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा पूरे हरियाणा का धन्यवादी दौरा करेंगे और आगामी 1 दिसंबर को सोनीपत के खरखौदा हलके से इसकी शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्कर थी और पौने 2 करोड़ मतदाताओं वाले प्रदेश में मात्र 4256 वोट और मिलते तो विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा दल होती तथा सरकार बनाती।
हरियाणा के आम मतदाताओं में इस बात का व्यापक रोष कायम है कि प्रदेश भर में झूठे सर्वे प्रचारित किये गये, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी। मीडिया घरानों ने भी प्रजातंत्र में चुनाव की गरिमा नहीं रखी और उनके द्वारा जमीनी हकीकत न दिखाने से जनता भ्रमित हुई। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से मिले अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिये कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों के दौरान दीपेन्द्र हुड्डा जिन हलकों में प्रचार के लिये गये, उनमें अधिकांश स्थानों पर कांग्रेस को जीत मिली। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता आर्थिक मंदी और महंगाई की दोहरी मार से त्रस्त है। इस दौरे में वो प्रदेश की जनता को बिगड़ती अर्थव्यवस्था, किसानों की ख़स्ता हालत, बढ़ती महंगाई, खतरनाक रूप ले चुकी बेरोज़गारी और बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूक भी करेंगे। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि धन्यवादी दौरे में वो हरियाणा के मतदाताओं का आभार व्यक्त करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



