हैदराबाद : तेलंगाना में कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हुआ। वर्ष 2014 में राज्य के गठन के बाद ये पहले पंचायत चुनाव हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो दोपहर एक बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना दोपहर दो बजे से शुरू की जाएगी। पहले चरण में हालांकि 4,479 पंचायतों में चुनाव होना था लेकिन 769 पंचायतों में उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से विजयी घोषित कर दिया गया। वहीं अन्य नौ में विभिन्न कारणों के चलते इसे रद्द कर दिया गया।
राज्य चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि सरपंच के 3,701 पदों के लिए करीब 12,202 उम्मीदवार और 28,976 वार्ड के लिए 70,094 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजनीतिक पार्टियां यहां खुद मैदान में नहीं उतरी है लेकिन उन्होंने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को समर्थन दिया है। तेलंगाना के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) जितेन्द्र ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर नजर रखने के लिए करीब 55,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमश: 25 और 30 जनवरी को होगा।


Download Android App
Download iOS App




