दक्षिणी दिल्ली : मुनिरका इलाके में नेपाली लड़कियों को कैद करके रखने वाले मानव तस्कर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दबोच लिया है। आरोपी की पहचान एक लाख रुपए के इनामी बदमाश लोपसंग लामा उर्फ लामा (33) के रूप में की गई है, जो जरूरतमंद लड़कियों को खाड़ी देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देता था, जिसके बाद उनको दिल्ली में लाता था और उनको खाड़ी देशों में तस्करी कर देता था।
आरोपी लड़कियों के पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज छीन लेता था, जिससे वह कहीं भाग नहीं पाती थी। पुलिस उपायुक्त, स्पेशल सेल संजीव यादव ने बताया कि बीते वर्ष 25 जुलाई को वसंत विहार के मुनिरका इलाके में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने छापेमारी करके 16 नेपाली लड़कियों को मुक्त करवाया था, हालांकि उन लड़कियों को दिल्ली तक लाने का मास्टरमाइंड लामा फरार चल रहा था।
स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी की थी, लेकिन लामा उनकी गिरफ्त में नहीं आ सका। इसी बीच इंस्पेक्टर अतुल त्यागी, इंस्पेक्टर दिलीप की देखरेख में सिपाही मोहित और मनोज की टीम को आरोपी के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम ने आरोपी को दबोच लिया।


Download Android App
Download iOS App



