पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के टिकियापाड़ा में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का पालन कराने वाले पुलिस गश्त दल पर मंगलवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाली भीड़ ने हमला कर दिया। आपको बतादें कि हावड़ा जिले का टिकियापाड़ा कोरोना वायरस संक्रमण के लिहाज से ‘रेड जोन’में शामिल है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शाम की है, जब पुलिस गश्त दल टिकियापाड़ा इलाके में पहुंचा । इससे पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि लॉकडाउन के नियमों एवं सामाजिक मेल-जोल से दूरी के नियमों का उल्लंघन करते हुये लोग बड़ी तादाद में स्थानीय बाजार में जमा हैं । पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘जैसे ही पुलिस ने उन्हें घर लौटने के लिये कहा, भीड़ ने उन पर पथराव किया और उनकी पिटाई कर दी । घटना में दो पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुये हैं।’
पुलिस ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है । बाद में त्वरित कार्य बल समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने के लिये मौके पर पहुंच गये । हावड़ा जिले के तृणमूल कांग्रेस नेता एवं वन मंत्री राजीब बनर्जी ने पुलिसकर्मियों पर हमले की आलोचना की और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।


Download Android App
Download iOS App



