मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों की रविवार को हुई एक बैठक में महाराष्ट्र विधानसभा में प्रचंड बहुमत साबित करने का संकल्प लिया गया। पार्टी के एक शीर्ष नेता ने कहा कि सदन के पटल पर भाजपा बहुमत सिद्ध करेगी। पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि पार्टी और विधायकों ने नवनियुक्त मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने सदन पटल पर जीत सुनिश्चित करने के लिए आगामी चुनौतियों पर चर्चा की।
उन्होंने इस बात को दोहराया कि कैसे शिवसेना ने पूर्व ‘महायुति’ को मिले जनादेश का अपमान कर रास्ता बदल लिया। शेलार ने कहा, हमने आगामी फ्लोर टेस्ट को प्रचंड बहुमत से जीतने का संकल्प लिया। महाराष्ट्र के लोगों के कल्याण के लिए फडणवीस-पवार की सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, पूर्व मंत्री, पार्टी नेता और अन्य विधायकों के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। यह पूछे जाने पर कि शिवसेना और कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कवायद के लिए क्या ‘ऑपरेशन कमल’ शुरू कर दिया गया है, उन्होंने कहा कि महराष्ट्र में पूर्ण कार्यकाल के लिए सिर्फ एक ही सरकार रहेगी और इसके लिए ‘ऑपरेशन फडणवीस-पवार’ चलाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



