दक्षिणी दिल्ली में अपने मालिक की कार से कथित रूप से 80 लाख रुपये नकद चुराने वाले 40 वर्षीय चालक को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक की पहचान किंदर पाल सिंह के रूप में की गयी है और वह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है।
किंदर अपने मालिक अजय गुप्ता के पास पिछले करीब 10 से 12 वर्षों से कार चालक का काम कर रहा था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस मामले में शिकायतकर्ता अजय गुप्ता शुक्रवार को अपने चालक किंदर के साथ नयी दिल्ली के सैनिक फॉर्म के नजदीकी इलाके में एक मकान खरीदने के सिलसिले में आया था।
उन्होंने बताया, ‘‘ एक प्रापर्टी सलाहकार के कार्यालय के सामने अपनी कार खड़ी करने के बाद अजय कुछ और मकान देखने चला गया। अजय ने अपने चालक किंदर को कार में पड़ी नकदी के बारे में बताते हुए उसे वहीं रहने के लिए कहा। अजय जब वापस लौटा तो उसे अपनी कार में नकदी नहीं मिली और वहां उसका चालक किंदर भी मौजूद नहीं था।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पता चला कि इस अपराध में किंदर ही शामिल है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लुधियाना में किंदर के घर छापेमारी की। वहां कई सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पता चला कि आरोपी पंजाब में पंजीकृत एक सफेद रंग की इनोवा कार का इस्तेमाल कर रहा है।
दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने कहा,“ आरोपी किंदर को बाद में उसकी बहन के लुधियाना स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अपराध में इस्तेमाल की गयी कार सहित पूरी नकदी बरामद कर ली गई।“ पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



