पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने 15 उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी अब तक 88 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है। शिरोमणि अकाली दल के बाद आम आदमी पार्टी दूसरी ऐसी पार्टी है जिसने 88 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। पंजाब में 117 विधानसभा सीट हैं जिनके लिए अगले साल चुनाव होना है।
आप ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ श्री चमकौर साहब से डा. चरणजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। आप के उम्मीदवारों की ताजा सूची के अनुसार, मोहाली से कुलवंत सिंह चुनाव लड़ेंगे। कुलवंत सिंह रियल एस्टेट व्यवसायी हैं और मोहाली के पूर्व महापौर रह चुके हैं। वह सोमवार को आप में शामिल हुए थे। पार्टी ने कहा कि गुरदीप सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा राजा सांसी से बलदेव सिंह, कपूरथला से मंजू राणा, शाहकोट से रतन सिंह, जालंधर वेस्ट से शीतल अंगुराल, आदमपुर से जीत लाल भट्टी और बांगा से कुलजीत सिंह ‘आप’ की ओर से अपनी किस्मत आजमाएंगे। चमकौर साहिब से चरणजीत सिंह, बस्सी पठाना से रुपिंदर सिंह, लुधियाना दक्षिण से राजिंदर कौर, फिरोजपुर सिटी से रणवीर सिंह, बठिंडा शहरी से जगरूप सिंह, अमरगढ़ से जसवंत सिंह और नाभा से गुरदेव सिंह चुनाव लड़ेंगे।


Download Android App
Download iOS App



