सुल्तानपुर लोधी (पंजाब) : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पंजाब के राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने गुरु नानक देव के 550वें जयंती वर्ष कार्यक्रमों के तहत 150 करोड़ रुपये लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में तीन ऐतिहासिक शहरों-सुल्तानपुर लोधी, डेरा बाबा नानक और बटाला में अवसंरचना उन्नयन भी शामिल है। तीन उच्चस्तरीय पुल, दो पैदल पारपथ और ब्यास नदी पर एक अन्य उच्चस्तरीय पुल, सुल्तानपुर लोधी में एक नया विश्राम गृह और कई अन्य परियोजनाएं जुलाई 2019 तक पूरी हो जाएंगी।
अमरिंदर सिंह ने इस अवसर पर 3,312 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने अगले एक साल में 10.5 करोड़ रुपये की लागत से समूचे राज्य के प्रत्येक गांव में 550-550 पौधे लगाने के अभियान की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों के साथ विमर्श कर पौधारोपण उचित स्थानों पर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने-अपने घरों में फलदार वृक्ष लगाने की भी अपील की। अमरिंदर सिंह ने इस अवसर पर 32 कैदियों की रिहाई तथा 2,952 अन्य की सजा अवधि में कमी करने की भी घोषणा की।
सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक का जन्म 1469 में हुआ था। आज उनकी 549वीं जयंती है। पंजाब सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के अधीन प्रधान सचिव (जेल), खुफिया महानिदेशक और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) की सदस्यता वाली एक समिति गठित की है जो उन सभी कैदियों के मामलों की समीक्षा करेगी जिनका आचरण अच्छा है तथा जिन्हें समय से पहले रिहा करने पर विचार किया जा सकता है। सरकार गुरु नानकदेवजी मार्ग के निर्माण की योजना भी बना रही है। मुख्यमंत्री ने स्मृति सिक्के और डाक टिकट जारी करने के केंद्र के फैसले का भी स्वागत किया।


Download Android App
Download iOS App



