पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार युद्ध अथवा शांति के समय वीरता पुरस्कार पा चुके राज्य के किसी भी रक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी को समान रैंक पदोन्नति देने की नीति तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने यहां करगिल युद्ध के हीरो और फिलहाल संगरूर जिले में वरिष्ठ पुलिस सिपाही के रूप में यातायात प्रबंधन देख रहे सतपाल सिंह के सम्मान समारोह में कहा, “अगर ऐसा कोई भी अधिकारी या कर्मचारी पंजाब पुलिस में शामिल होना चाहता है, तो उसकी सेवा और बहादुरी को उचित पहचान दी जाएगी।”
अमरिन्दर सिंह ने शनिवार को एक विशेष मामले में सतपाल सिंह को दोहरी पदोन्नति देने का आदेश देते हुए उन्हें सहायक उप-निरीक्षक के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जो नीति तैयार करने जा रही है, उससे “अन्याय” की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी।
उन्होंने कहा कि इसमें रक्षा बलों के जवानों के अलावा जूनियर कमीशन्ड अधिकारी और गैर-कमीशन्ड अधिकारी समेत पुलिस वीरता पुरस्कार विजेताओं को शामिल किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



