चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देश के सैन्य प्रमुख को गले लगाने के लिए अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी नवजोत सिंह सिद्धू पर आज निशाना साधते हुए उनके कृत्य को ‘‘गलत’’ बताया। सिद्धू के कल पाकिस्तान के सेना प्रमुख को गले लगाने के बारे में पूछे जाने पर अमरिंदर सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख के लिए उन्होंने जो स्नेह दिखाया वह उनके लिए गलत था।’’ सिद्धू आज पाकिस्तान से लौटे। वह क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान के न्यौते पर शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने गए अकेले भारतीय थे। एक अन्य सवाल पर अमरिंदर सिंह ने कहा कि सिद्धू व्यक्तिगत तौर पर पाकिस्तान गए थे।
इमरान खान के न्यौते पर कल इस्लामाबाद में राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद विशेष अतिथियों में सिद्धू भी शामिल थे। वर्ष 1992 में पाकिस्तान की विश्व विजेता क्रिकेट टीम के कप्तान रहे खान ने अपनी टीम के पूर्व साथियों और दोस्तों को इस समारोह में आमंत्रित किया था। भाजपा और अकाली दल ने भी पाकिस्तान जाने के लिए सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोकाकुल अपने देश के लोगों की भावनाओं को नजरअंदाज किया।


Download Android App
Download iOS App



