अमृतसर पार्षद हत्याकांड: पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

Summary :

अमृतसर हत्याकांड: पुलिस ने मुठभेड़ में चार आरोपी दबोचे

अमृतसर में अकाली दल के पार्षद की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गैंग के अन्य सदस्यों और उनके कनेक्शनों की जांच शुरू कर दी है।

अमृतसर में अकाली दल के पार्षद की हत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पार्षद की हत्या में शामिल चार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने पहले पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गई और आरोपियों में से एक गुरप्रीत सिंह गोपी को पैर में गोली लगी है। इसके अलावा, बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पुलिस ने मौके से एक बाइक भी बरामद की है।

पंजाब: अमृतसर में अकाली पार्षद की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, “पुलिस ने विदेश में बैठे किशन गैंग से जुड़े एक संगठित अपराध नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें जंडियाला गुरु के नगर पार्षद हरजिंदर सिंह की हत्या का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि गोइंदवाल से एक युवक जोबन को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अमित और गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, गिरफ्तारी से पहले मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह गोपी ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और नाकेबंदी के दौरान मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पंजाब पुलिस के डीजीपी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर मुठभेड़ की जानकारी दी गई। डीजीपी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक ग्लॉक 9एमएम पिस्तौल बरामद की है। इसके साथ ही यह ऑपरेशन गैंग प्रतिद्वंद्विता और संगठित अपराध पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस जांच कर रही है ताकि गैंग के अन्य साथियों और उनके कनेक्शनों का पता लगाया जा सके। बता दें कि अमृतसर के छेहरटा क्षेत्र में एक अकाली पार्षद की रविवार शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.