पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरूवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल को एक पत्र लिख कर दुर्घटनाओं को टालने के लिए रेल पटरियों के किनारे ऊंची बाड़ और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। सिद्धू ने इस सिलसिले में राज्य सरकार की ओर से हर तरह की मदद दिलाने के लिए यह विषय मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के समक्ष उठाने की भी पेशकश की।
उन्होंने मुंबई – पुणे राजमार्ग किनारे की गई घेराबंदी का उदाहरण देते हुए कहा कि रेल पटरियों के किनारे संवेदनशील इनाकों को हमे घेरने की जरूरत है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई नुकसान ना हो।
उन्होंने कहा कि रेल पटरियों के किनारे बाड़ लगाने की तत्काल जरूरत है, खासतौर पर शहरी इलाकों में जहां घनी आबादी है। ऐसा किए जाने पर कोई भी व्यक्ति रेल पटरियों को पार नहीं कर सकेगा और कई दुर्घटनाओं को टाला जा सकेगा।
अमृतसर में 19 अक्टूबर को दशहरा के दौरान रावण दहन देख रहे लोगों के एक ट्रेन की चपेट में आने के बाद सिद्धू ने यह मांग की है। इस दुर्घटना में करीब 60 लोग मारे गए थे। मंत्री ने कहा, ”हमे घनी आबादी वाले इलाकों में रेल पटरियों के किनारे सीसीटीवी लगाने चाहिए और रेल पटरियों को हमेशा खाली रखने के लिए आरपीएफ/जीआरपी की गश्त सुनिश्चित करनी चाहिए।”
अमृतसर रेल हादसा: रावण दहन के आयोजक ने VIDEO जारी कर खुद को बताया निर्दोष
उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के प्रचुर उपयोग से दुर्घटनाओं को टालने में काफी मदद मिल सकती है। सिद्धू ने कहा कि अमृतसर दुर्घटना से सबक सीखने की जरूरत है। सिद्धू के मुताबिक उन्होंने पत्र में रेल पटरी पर ट्रॉली से गश्त लगाए जाने का भी सुझाव दिया है।
गौरतलब है कि विपक्षी शिअद सिद्धू को राज्य कैबिनेट से बर्खास्त करने और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहा है। अनधिकृत अमृतसर कार्यक्रम की कौर द्वारा अध्यक्षता किए जाने को लेकर शिअद ने यह मांग की है।


Download Android App
Download iOS App



