थल सेना अध्यक्ष एमएम नरवणे ने मंगलवार को पंजाब के अमृतसर एवं फिरोजपुर स्थित वज्र कोर के प्रतिष्ठानों का दौरा किया और पश्चिम सीमा पर सैनिकों की तैयारियों की समीक्षा की। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक सोमवार को थलसेना अध्यक्ष ने जम्मू-पठानकोट इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा की अग्रिम चौकियों का दौरा किया था और इलाके में तैनात कमांडरों और सैनिकों से संवाद किया था।
विज्ञप्ति के मुताबिक मंगलवार को दौरे में जनरल नरवणे के साथ पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह भी मौजूद थे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वज्र कोर के कोर कमांडर तथा पैंथर एवं गोल्डन एरो डिविजन के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल संजीव शर्मा ने सेना प्रमुख को जमीनी हालात की जानकारी दी।
जनरल नरवणे ने सैनिकों से बातचीत की और उनके ऊंचे मनोबल और प्रेरणा की प्रशंसा की। उन्होंने ड्यूटी के दौरान बहादुरी और समर्पण का परिचय देने वाले जवानों को प्रशस्तिपत्र भी दिया। बयान के मुताबिक सेना प्रमुख ने कोरोना वायरस की महामारी के खिलाफ चल रही लड़ाई में जवानों की कोशिशों की प्रशंसा की और साथ ही सभी सैनिकों और अधिकारियों से हमेशा परिचालन तैयारियों को चुस्त दुरुस्त रखने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



