अमृतसर : भाजपा ने अमृतसर के पास जोड़ा फाटक पर रावण दहन के दौरान रेल से लोगों के कुचले जाने के मामले में शनिवार को पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धु और समारोह के आयोजक को गिरफ्तार करने की मांग की। पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धु की पत्नी नवजोत कौर सिद्धु शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थीं।
उन पर पीड़ितों की चिंता किये बगैर घटना स्थल से चले जाने का आरोप है। वरिष्ठ भाजपा नेता राजिंदर मोहन सिंह चिन्ना ने एक बयान में कहा, ‘‘(नवजोत कौर) सिद्धु के इस झूठ का पर्दाफाश हो गया कि लोगों के रेलवे की पटरी पर खड़े होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। एक नये वीडियो साक्ष्य के मुताबिक उन्हें बार-बार बताया गया कि पटरी पर लोग हैं और अगर ट्रेन आएगी तो उन्हें कुछ नहीं होगा।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह द्वारा दिया गया जांच का आदेश ‘‘महज दिखावा’’ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नवजोत कौर सिद्धु और नवजोत सिंह सिद्धु एक के बाद एक झूठ बोल रहे हैं। इससे पहले शनिवार को नवजोत कौर सिद्धु ने कहा कि कार्यक्रम के मंच से कई कार उद्घोषणा की गई जिसमें लोगों से अनुरोध किया गया कि वे पुतला दहन देखने के लिये धोबी घाट में आ जाएं। चिन्ना ने कहा कि यह दुर्घटना एक ‘‘बड़ी प्रशासनिक चूक’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि नियम-कानून को लेकर आयोजकों में कोई सम्मान नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



