चंडीगढ़ : शहर के एक पार्क में खेल रहे डेढ़ साल के शिशु को आवारा कुत्तों ने नोच-नोच कर मार डाला। पुलिस ने बताया कि घटना कल की है। घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली पलसोरा निवासी महिला अपने चार बच्चों को पार्क में खेलने के लिए छोड़कर कर काम करने चली गई थी। इसी दौरान कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि तीन बच्चे तो भागने में कामयाब रहे , लेकिन छोटा होने के कारण डेढ़ साल का आयुष भाग नहीं पाया और कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच – नोच कर घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस बच्चे को सरकारी अस्पताल ले गयी जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया।
आसपास के लोगों ने मौके पर जमा होकर विरोध किया और आवारा कुत्तों की समस्या से नहीं निपटने के लिए स्थानीय निकाय अधिकारियों को जिम्मेदार बताया। नागरिकों का कहना है कि चंडीगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्से में रहने वाले लोग पार्कों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से बहुत परेशान हैं।
कुत्तों के कारण लोग और बच्चे इन पार्कों में नहीं जा पाते। उन्होंने बताया कि पहले भी कुत्तों ने कई लोगों को काटा है। सेक्टर 49 निवासी बलदेव चंद का कहना है कि हमें अपने बच्चों को बाहर खेलने भेजते हुए डर लगता है। हमारे घरों के आसपास के पार्क आवारा कुत्तों से भरे हुए हैं। हम बच्चों को अकेले खेलने के लिए बाहर नहीं भेज सकते।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



