पंजाब का सीएम बनते चन्नी इतने भावुक हुए की रोने ही लगे

Summary :

पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री बनने वाले दलित समुदाय के पहले व्यक्ति हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की, इस दौरान वह कई बार भावुक हुए।

पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चन्नी पंजाब में मुख्यमंत्री बनने वाले दलित समुदाय के पहले व्यक्ति हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की, इस दौरान वह कई बार भावुक हुए। उन्होंने कहा कि देश के ‘क्रांतिकारी नेता’ राहुल गांधी ने एक गरीब के बेटे को जो सम्मान दिया है, उसका उपकार वह जीवन भर नहीं उतार पाएंगे।
अपने संघर्ष भरे दिनों और गरीबी को याद करते हुए चन्नी ने कहा, ‘‘एक ज़माने में मेरे घर में छत नहीं होती थी। मेरी मां बाहर से मिट्टी लाती थीं और उसे दीवारों पर लेप दिया करती थीं। मेरे पिता टेंट हाउस चलाते थे। ऐसे गरीब परिवार के व्यक्ति को आज कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी जी ने पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया है।’’
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब वह रिक्शा चलाते थे। अपने गरीबी के दिनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भावुक हो गए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और कुछ अन्य नेताओं ने उन्हें ढांढस बंधाया। आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए चन्नी ने कहा, ‘‘वो कहते हैं आम आदमी। इधर बैठा है आम आदमी।’’चन्नी पंजाब के पहले दलित नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले वह अमरिंदर सिंह सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे।

Desk Team