पंजाब में कोविड संक्रमण दर के घटकर दो प्रतिशत हो जाने के बीच राज्य सरकार ने मंगलवार को प्रतिबंधों में कुछ ढील देने की घोषणा की। इसके तहत रेस्तरां, सिनेमा हॉल और जिम बुधवार से 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शादियों और अंतिम संस्कार में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी।
इससे पहले, इस तरह के आयोजनों में 20 लोगों को अनुमति थी। नए दिशानिर्देश 25 जून तक प्रभावी रहेंगे और इस दौरान राज्य में रात्रि कर्फ्यू रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक और सप्ताहांत कर्फ्यू शनिवार को रात आठ बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लगाया जाएगा। इससे पहले राज्य में रात का कर्फ्यू शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक था।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने डिजिटल तरीके से कोविड समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और सभी रेस्तरां, कैफे, कॉफी की दुकानें, फास्ट फूड दुकान, सिनेमा हॉल, जिम को अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ फिर से खोलने का आदेश दिया।हालांकि सरकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि उनके सभी कर्मचारियों को कोविड टीके की कम से कम एक खुराक लेनी होगी।
बयान में कहा गया है कि वातानुकूलित बसें भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चल सकती हैं। लेकिन बार और पब बंद रहेंगे। सभी शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी कोविड संबंधी उपयुक्त व्यवहार को लेकर सरकार के सभी मौजूदा निर्देशों का सख्ती से कार्यान्वयन सुनिश्चित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को पंजाब में कोरोना वायरस से संक्रमण के 629 नए मामले सामने आए थे।


Download Android App
Download iOS App



